लंदन/वेलिंगटन इंग्लैंड और न्यू जीलैंड की प्रधानमंत्रियों ने विश्व कप में अपनी अपनी क्रिकेट टीमों के प्रदर्शन की सराहना की है जो फुटबॉल और रग्बी के दीवाने देशों में क्रिकेट को सुर्खियों में लाए। प्रधानमंत्री ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को जीतने और 44 साल का इंतजार खत्म करने के लिए इंग्लैंड की टीम को शुक्रिया कहा। ब्रिटिश मीडिया की खबरों के अनुसार मे ने अपने आधिकारिक आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर इंग्लैंड के खिलाड़ियों से कहा, ''आपने देश को एक बार फिर क्रिकेट के प्यार में डूबने में मदद की।'' उन्होंने कहा, ''फाइनल में सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट ही नहीं बल्कि सर्वश्रेष्ठ खेल देखने को मिला- हौसला, जज्बा, खेल भावना, नाटकीयता, बेहतरीन कौशल और थोड़ा भाग्य- इन सभी चीजों ने मिलकर वास्तविक रोमांच तैयार किया, हमारे समय के सबसे शानदार खेल मुकाबलों में से एक।'' फुटबॉल इंग्लैंड में सबसे लोकप्रिय खेल है जबकि न्यू जीलैंड में रग्बी को लेकर काफी दीवानगी है। विश्व कप में अपने प्रदर्शन से हालांकि दोनों देशों की टीमों ने काफी सुर्खियां बटोरी। रविवार को लार्ड्स पर हुए विश्व कप फाइनल में 50 ओवर और फिर सुपर ओवर भी टाई रहने के बाद इंग्लैंड को अधिक बाउंड्री लगाने के कारण विजेता घोषित किया गया। इंग्लैंड ने 22 चौके और दो छक्के लगाए जबकि न्यू जीलैंड ने 17 चौके मारे। न्यू जीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने अपना सब कुछ झोंकने और फिर शिष्टता के साथ दिल तोड़ने वाली हार स्वीकार करने के लिए राष्ट्रीय टीम की तारीफ की। अर्डर्न ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''इसमें कोई संदेह नहीं कि यह बेहतरीन मुकाबला था। सुपर ओवर रोमांचक था। इंग्लैंड को बधाई। और ब्लैक कैप्स (न्यू जीलैंड की टीम) के लिए मैं गर्व महसूस करती हूं। क्या शानदार टीम है।''
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2NXxDVC
No comments:
Post a Comment