Monday, August 12, 2019

कैसे मिलेंगे विकेट? भुवनेश्वर कुमार ने खेला राज

पोर्ट ऑफ स्पेनभारतीय तेज गेंदबाज ने कहा है कि वेस्ट इंडीज के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान उनके दिमाग में रन बनाने से रोकना था, विकेट चटकाना नहीं, क्योंकि उनका मानना है कि किफायती गेंदबाजी का फायदा हमेशा मिलता है। भुवनेश्वर ने 31 रन देकर चार विकेट चटकाए, जिससे भारत ने वर्षा से प्रभावित मैच में वेस्ट इंडीज को डकवर्थ लुईस पद्धति के तहत 59 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। भुवनेश्वर ने मैच के बाद कहा, ‘जब मैं गेंदबाजी के लिए आया तो सिर्फ इतना सोच रहा था कि मुझे किफायती गेंदबाजी करनी है, अधिक खाली गेंद फेंकनी हैं। मुझे लगता है कि अगर आप किफायती गेंदबाजी करोगे तो विकेट अपने आप मिलेंगे। मैं नतीजे के बारे में अधिक नहीं सोचता, क्योंकि हमें पता है कि अगर हम एक या दो विकेट चटकाएंगे तो मैच में वापसी कर लेंगे।’ भारत ने कोहली की 125 गेंद पर 14 फोर और एक सिक्स की मदद से 120 रन की पारी से 7 विकेट पर 279 रन बनाए। यह वनडे में उनका 42वां शतक है। उन्होंने श्रेयस अय्यर (68 गेंदों पर 71) के साथ चौथे विकेट के लिये 125 रन की साझेदारी की। भुवनेश्वर ने कहा, ‘आप विराट के हावभाव से देख सकते हैं कि उसे इस शतक की कितनी जरूरत थी। इसलिए नहीं कि वह फार्म में नहीं था बल्कि इसलिए, क्योंकि वह 70 और 80 रन के स्कोर पर आउट हो रहा था और उसे हमेशा से बड़ी पारियां खेलने के लिए जाना जाता है।’ कोहली ने अपना पिछला शतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मार्च में बनाया था। उन्होंने इसके बाद विश्व कप में पांच अर्धशतक लगाए लेकिन शतक बनाने में विफल रहे। भुवनेश्वर ने कहा, ‘विकेट आसान नहीं था, जब विराट ड्रेसिंग रूम में लौटा तो उसने कहा कि गेंद पुरानी होने के बाद रन बनाना आसान नहीं है।’ भुवनेश्वर ने कहा कि बढ़त बनाने के बाद वह अब सीरीज जीतना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘हम सीरीज में आगे हैं और इसे जीतना चाहते हैं। आप जब विदेश में खेल रहे होते हो तो सिर्फ सीरीज जीतना चाहते हो।’


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2McNr52

No comments:

Post a Comment