गुयाना सीरीज में विजयी बढ़त बनाने के बाद भारत मंगलवार को यहां होने वाले तीसरे और अंतिम टी20 इंटरनैशनल क्रिकेट मैच में प्रयोग करने के इरादे से उतरेगा। सीरीज में 0-2 से सीरीज गंवा चुकी वेस्ट इंडीज अपना सूपड़ा साफ होने से बचने का प्रयास करेगा। भारत ने दो मैचों के अमेरिकी चरण का अंत सीरीज में 2-0 की जीत के साथ किया। शनिवार को लॉडरहिल (फ्लोरिडा) में खेले गए मुकाबले में 4 विकेट से जीत हासिल करने के बाद भारत ने रविवार को दूसरा मैच डकवर्थ लुईस पद्धति के तहत 22 रन से जीता। पहले मैच में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली नहीं था लेकिन दूसरे मैच में और उनकी टीम ने पूरी तरह से दबादबा बनाए रखा। बिजली कड़कने और फिर उसके बाद हुई बारिश के कारण मैच के नतीजे के लिए डकवर्थ लुईस पद्धति का सहारा लिया गया। भारत बल्लेबाजी क्रम में संभवत: अधिक बदलाव नहीं करेगा लेकिन गेंदबाजों में नए संयोजन को आजमाया जा सकता है। कोहली ने रविवार को जीत दर्ज करने के बाद कहा, 'सीरीज जीतने से हमें कुछ खिलाड़ियों को आजमाने का मौका मिलेगा। सबसे पहले जीतने का प्रयास किया जाता है लेकिन पहले दो मैच जीतने के बाद हमें प्रयोग का मौका मिलता है।' मध्यक्रम में जूझ रहे ऋषभ पंत की जगह अगर अंतिम एकादश में लोकेश राहुल को मौका मिलता है तो यह हैरानी भरा फैसला नहीं होगा। दिल्ली के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज पंत पहले दो मैचों में 0 और 4 रन की पारियां ही खेल पाए थे। कप्तान कोहली ने पंत का काफी समर्थन किया है और यह देखना रोचक होगा कि 21 साल के इस उभरते हुए खिलाड़ी को एक और मौका मिलता है या नहीं। रोहित शर्मा और शिखर धवन की सलामी जोड़ी को हालांकि आराम दिए जाने की संभावना नहीं है। अंगूठे में फ्रेक्चर के कारण विश्व कप के बीच से बाहर हुए धवन पहले दो मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए और वह एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट मैचों से पहले रन बनाने के लिए बेताब होंगे। संभावना है कि युवा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी की जगह लेग स्पिनर राहुल चाहर को मौका दिया जा सकता है। राहुल के चचेरे भाई दीपक चाहर को भी अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है और इसके लिए रविंद्र जडेजा को आराम दिया जा सकता है। छोटे प्रारूप में दमदार मानी जाने वाली वेस्ट इंडीज की टीम अब तक एकजुट प्रदर्शन करने में नाकाम रही है और टीम अपनी प्रतिष्ठा के अनुसार नहीं खेल पाई है। कायरन पोलार्ड और कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट से टीम को बड़ी पारियों की उम्मीद है। वेस्ट इंडीज की टीम अगर मंगलवार को जीत दर्ज करने में सफल रही तो एकदिवसीय और टेस्ट सीरीज से पूर्व उसका मनोबल बढ़ेगा।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2GNGwen
No comments:
Post a Comment