सिडनी ऑस्ट्रेलिया और न्यू जीलैंड के क्रिकेटर सिडनी में शुक्रवार से शुरू होने वाले तीसरे क्रिकेट टेस्ट के दौरान दमकलकर्मियों और उन लोगों को श्रद्धांजलि देंगे, जिन्होंने जंगल में लगी आग में अपनी जान गंवा दी। अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि धुएं के कारण वायु की गुणवत्ता खराब होने के कारण वे मैच में संभावित देरी के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया में सोमवार से लगी इस आग में कम से कम 18 लोगों की मौत हो चुकी है। मैच खेला जाएगा लेकिन यह शुक्रवार को होगा या नहीं यह फैसला अंपायर हवा की गुणवत्ता या दृश्यता को देखने के बाद ही लेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख पीटर रोच ने क्रिकेट.कॉम.एयू से कहा, 'बारिश की तरह अतिरिक्त समय जोड़ने के लिए और टेस्ट निलंबित करने के लिए भी नियम हैं।' उन्होंने कहा, 'हालांकि यह संभावना नहीं है। हमें भरोसा है कि पूरे दिन का खेल होगा।' रोच ने कहा, 'हमें हालांकि उस दिन कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा लेकिन हम इसे ऐसे ही खेलेंगे जैसे बारिश में या फिर प्रतिकूल मौसम में खेलते हैं। इसमें समय जोड़ा जा सकता है।' शुक्रवार को खेलने से पहले दोनों टीमें आपातकालीन सेवा के कर्मियों के लिए एक मिनट तक तालियां बजाकर सराहना करेंगे। साथ ही जिन लोगों की मौत हुई है, उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए खिलाड़ी हाथ में काली पट्टी बांधेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मार्च में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया और न्यू जीलैंड के बीच एकदिवसीय मैचों के दौरान 'ऑस्ट्रेलियाई रेड क्रॉस आपदा राहत कोष' के लिए धन जुटाने की भी घोषणा की। ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर और कप्तान टिम पेन ने स्थानीय मीडिया में प्रकाशित एक संयुक्त पत्र में कहा, 'ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की ओर से हम आग से लड़ने वाले सभी लोगों को ऑस्ट्रेलिया में सुरक्षित नए साल की शुभकामनाएं देते हैं।' उन्होंने कहा, 'हम प्रार्थना करते हैं कि स्थिति में सुधार आए, आग बुझ जाए और बारिश आ जाए।' क्रिकेट अधिकारियों के लिए धुएं का मुद्दा काफी मुश्किल है क्योंकि यह इस समय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद, राज्य सरकारों और ऑस्ट्रेलियाई खेल संस्थान के वायु गुणवत्ता संबंधित दिशानिर्देशों पर निर्भर हैं।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2Qe6zjV
No comments:
Post a Comment