Thursday, February 20, 2020

रॉस टेलर को गिफ्ट में मिलीं शराब की 100 बोतलें

वेलिंग्टन न्यूजीलैंड टीम के मिडल ऑर्डर बल्लेबाज वेलिंग्टन में आज अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। टेलर दुनिया के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 100 या इससे ज्यादा मैच खेले हों। 100वां टेस्ट मैच खेलने वाले टेलर को इस उपलब्धि के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से शराब (वाइन) का खास तोहफा भी दिया गया। इस मौके पर उन्हें 100 शराब की बोतले भेंट की गई हैं। टेलर ने एक टीवी चैनल को दिए छोटे से इंटरव्यू में शराब के इस तोहफे के बारे में भी बताया। शराब की इन 100 बोतलों की एक खासियत यह भी है कि इन सभी बोतलों में शराब का अलग-अलग स्वाद है। जब टेलर से पूछा गया कि इन बोतलों का वह क्या करने वाले हैं तो उन्होंने कहा, 'निश्चिततौर पर मुझे इन्हें पीने के लिए किसी का साथ चाहिए होगा।' इसके अलावा टेलर ने बताया कि 100वां टेस्ट खेलने का शानदार अहसास है। उन्होंने कहा, 'टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर मेरे लिए एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया और मुझे एक मोमेंटो दिया गया।' बता दें न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की यह परंपरा है कि वह अपने किसी खिलाड़ी के 100वां टेस्ट खेलने पर उन्हें वाइन गिफ्ट करता है। यह परंपरा स्टीफन फ्लेमिंग के शौक के कारण शुरू हुई थी। स्टीफन फ्लेमिंग न्यूजीलैंड के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले पहले खिलाड़ी थे। उन्हें वाइन पीना खूब पसंद था इसलिए तब उन्हें 100वां टेस्ट खेलने के लिए उपहार में शराब की 100 बोतलें दी गई थीं। इसके बाद जब डेनियल विटोरी और ब्रेंडन मैककुलम ने भी अपने-अपने 100 टेस्ट पूरे किए तो कीवी बोर्ड ने उन्हें भी यही उपहार दिया और यह परंपरा बन गई। 100 टेस्ट मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करने वाले रॉस टेलर चौथे कीवी खिलाड़ी हैं।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2HHNx0f

No comments:

Post a Comment