Friday, February 21, 2020

एगर की हैटट्रिक से ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 107 रन से हराया

जोहानिसबर्गबाएं हाथ के स्पिनर की हैटट्रिक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 107 रन से हरा दिया । गेंद से छेड़खानी मामले में 2018 में प्रतिबंध झेलने के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका लौटे स्टीव स्मिथ ने 45 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई ऑस्ट्रेलियाई टीम ने छह विकेट पर 196 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की शुरुआत काफी खराब रही। मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस का उसके बल्लेबाज सामना नहीं कर सके। इसके बाद एगर के तीन विकेट से पूरी टीम टी20 में अपने न्यूनतम स्कोर 89 रन पर आउट हो गई। यह टी20 क्रिकेट में साउथ अफ्रीका की सबसे बड़ी हार भी है। मैन ऑफ द मैच एगर ने 24 रन देकर पांच विकेट लिए। अपनी हैटट्रिक में एगर ने डु प्लेसिस, एंडिले फेहलुकवायो और डेल स्टेन को आउट किया। देखें स्कोरकार्ड- ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मैच की दूसरी ही गेंद पर डेविड वॉर्नर सिर्फ चार रन बनाकर डेल स्टेन की गेंद पर तबरेज शम्सी को कैच दे बैठे। उन्होंने पहली गेंद पर चौका लगाया लेकिन दूसरी गेंद को उन्होंने फ्लिक करने की कोशिश की और लॉन्ग लेग बाउंड्री पर खड़े शम्सी ने कैच लपककर उन्हें आउट किया। इसके बाद कप्तान आरोन फिंच ने स्मिथ के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 8 ओवरों में ही 80 रन जोड़ डाले। फिंच को शम्सी ने 42 के निजी स्कोर पर आउट किया। उन्होंने 27 गेंद की अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया। पारी के अंत में एगर ने 9 गेंद पर 20 रन बनाकर स्कोर को 196 तक पहुंचाने में भूमिका अदा की। साउथ अफ्रीका कभी भी दौड़ में नजर नहीं आया। क्विंटन डि कॉक के रूप में टीम को दूसरी ही गेंद पर पहला झटका लगा। साउथ अफ्रीका के लिए पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने सबसे ज्यादा 24 रन बनाए। इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया का अपराजेय अभियान लगातार नौ मैचों का हो गया है। उसने आठ मैच लगातार जीता जबकि एक बेनतीजा रहा। आखिरी बार उसे टी20 में पराजय का सामना नवंबर 2018 में करना पड़ा था । दूसरा मैच रविवार को पोर्ट एलिजाबेथ में और तीसरा बुधवार को केपटाउन में खेला जाएगा।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/39ROqPR

No comments:

Post a Comment