Wednesday, February 26, 2020

ICC रैंकिंग: विराट कोहली नंबर 1 स्थान से खिसके

दुबई विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में पहले टेस्ट की दोनों पारियों में सिर्फ 21 रन बनाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान गंवा दिया है। कोहली की रैंकिंग में इस गिरावट का फायदा उनके प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (911 अंक) को हुआ है। कोहली 906 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और मयंक अग्रवाल इस सूची में क्रमश: 8वें, 9वें और 10वें पायदान पर हैं। पहले टेस्ट में 75 रन बनाने वाले भारतीय उपकप्तान रहाणे को एक स्थान का फायदा हुआ है। दो टेस्ट की इस सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया ने 10 विकेट से गंवा दिया था। मयंक अग्रवाल ने दूसरी पारी में अर्धशतक सहित 92 रन जुटाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ 10वीं रैंकिंग पर वापसी की है। पुजारा दोनों पारियों में 11-11 रन बनाने के बाद दो स्थान नीचे खिसक गए हैं। कोहली के खिसकने से ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ एक बार फिर शीर्ष पर पहुंच गए हैं। जून 2015 में पहली बार दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज बने स्मिथ 8वीं बार शीर्ष पर पहुंचे हैं। स्मिथ और कोहली के अलावा पिछली बार केन विलियमसन दिसंबर 2015 में आठ दिन के लिए दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में 99 रन देकर तीन विकेट चटकाने वाले आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजी सूची में एक स्थान के नुकसान से नौवें पायदान पर हैं। वह 765 अंक के साथ शीर्ष 10 में एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं। चोट के बाद वापसी करते हुए पहले टेस्ट में पांच विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज इशांत शर्मा एक स्थान के फायदे से 17वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट को रैंकिंग में काफी फायदा हुआ है, जिन्होंने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में क्रमश: नौ और पांच विकेट चटकाए थे। साउदी आठ स्थान के फायदे से छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। जून 2014 में करियर की सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग के बाद यह साउथी की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। बोल्ट चार स्थान के फायदे से संयुक्त 13वें स्थान पर हैं। ऑलराउंडरों की सूची में रविंद्र जडेजा और अश्विन क्रमश: तीसरे और 5वें स्थान पर हैं। जडेजा पहले टेस्ट में नहीं खेले थे, जबकि शून्य और चार रन की पारी खेलने वाले अश्विन को एक स्थान का नुकसान हुआ है। आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत 360 अंक के साथ शीर्ष पर बरकरार है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 296 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। वेलिंग्टन में जीत से 60 अंक जुटाने वाले न्यूजीलैंड के 120 अंक हैं।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2VlWX9A

No comments:

Post a Comment