Wednesday, March 11, 2020

कोरोना- गेंद पर लार नहीं लगाएगी टीम इंडिया: भुवी

नई दिल्ली टीम इंडिया के तेज गेंदबाज ने संकेत दिए हैं कि कोरोना वायरस के चलते संभव है कि भारतीय खिलाड़ी बॉल पर अपनी लार न लगाएं। दुनिया भर में घातक नोवेल कोरोना वायरस का प्रकोप है इस घातक बीमारी के चलते दुनिया भर में करीब 4000 लोगों की मौत हो चुकी है। डॉक्टर्स इस वायरस से बचने के लिए अन्य व्यक्तियों से संपर्क में दूरी बरतने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही खांसी, छींक के दौरान भी रूमाल रखकर छींकने और बार-बार हाथ धोनी की सलाह दे रहे हैं। ऐसे में क्रिकेट का खेल भी इससे प्रभावित होता दिख रहा है। क्रिकेट में बॉल की शाइन चमकाने के लिए खिलाड़ी अपनी लार का बार-बार इस्तेमाल करते हैं, ताकि गेंद को स्विंग मिल सके। लेकिन गेंद पर लार के इस्तेमाल से वायरस के आदान-प्रदान का खतरा भी बढ़ता है। ऐसे में गुरुवार को होने वाले मैच से पहले भुवनेश्वर कुमार आज जब मीडिया से रू-ब-रू होने आए तो उन्होंने ऐसे संकेत दिए कि शायद टीम इंडिया के खिलाड़ी गेंद पर अपनी लार का इस्तेमाल न करें या इसे सीमित कर दें। हालांकि भुवी ने यह भी साफ किया कि इस बात पर निर्णय डॉक्टरों की टीम के साथ आज होने वाली मीटिंग में होगा। स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी के बाद टीम में वापस लौटे दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कहा, 'हमने अभी इस पर (लार का इस्तेमाल न करना) सोचा है लेकिन मैं अभी यह नहीं कह सकता कि हम गेंद की शाइन चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल नहीं करेंगे। अगर हमने शाइन नहीं चमकाई तो हमारी पिटाई होगी और तब आप लोग कहेंगे कि हम अच्छी बोलिंग नहीं कर रहे।' 31 वर्षीय भुवनेश्वर ने कहा, 'यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और आज हमारी टीम मीटिंग है और इसमें हमें जो भी निर्देश मिलते हैं, हम जो भी बेहतर विकल्प अपना सकते हैं हम उन पर गौर करेंगे। यह सब टीम डॉक्टर्स की सलाह पर निर्भर करता है कि वे हमें क्या बता रहे हैं।' भारत में भी कोरोना वायरस के 40 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। भुवी ने कहा, 'इस मुश्किल घड़ी में हम सब हर जरूरी सावधानी बरत रहे हैं।' भारत को गुरुवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेलना है। इसके बाद 15 मार्च को लखनऊ में दूसरा वनडे और फिर 18 मार्च को कोलकाता में तीसरा वनडे मैच खेला जाएगा।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2U07Yeq

No comments:

Post a Comment