भाविन पंड्या, नई दिल्ली पूर्व भारतीय कप्तान डायना एडुल्जी ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल के लिए टीम इंडिया को अहम सलाह दी है। उन्होंने कहा- आज भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा दिन है। मैं बहुत खुश हूं कि भारतीय टीम महिला टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेलने जा रही हैं। भारतीय टीम बिना कोई मैच हारे फाइनल में पहुंची है इसलिए मेरी नजर में विनिंग कॉम्बिनेशन से कोई छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। ये संभव है कि टीम मैनेजमेंट यह सोच रहा हो कि वेदा (कृष्णमूर्ति) की जगह बंगाल की टीनएजर रिचा (घोष) को प्लेइंग इलेवन में ले लिया जाए। वैसे मैं नहीं चाहूंगी कि कोई बदलाव किया जाए। प्लेइंग इलेवन के बारे में उन्होंने बात करते हुए कहा कि फाइनल में भारतीय टीम 4 स्पिनर्स (पूनम यादव, राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़ और दीप्ति शर्मा) और एक फास्ट बोलर (शिखा पांडे) के साथ उतरेगी तो बढ़िया होगा। हमारे पास और कोई बढ़िया विकल्प नहीं है। शिखा के साथ संभवत: दीप्ति बोलिंग की शुरुआत करेंगी। यह कॉम्बिनेशन टूर्नमेंट में भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत के रूप में उभरा है। यह भारतीय टीम पावर प्ले में पावर गेम दिखा रही है और मुझे इस भारतीय टीम की यह एक और मजबूती नजर आ रही है। शेफाली वर्मा के कारण भारतीय टीम ने पावर प्ले में खूब सारे रन बटोरे हैं। अनुभवी स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर को फाइनल में एक बढ़िया पारी खेलनी ही होगी। शेफाली और स्मृति की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा- भारत को एक मनोवैज्ञानिक फायदा भी मिल गया है फाइनल के पहले। विपक्षी टीम की फास्ट बोलर मेगान शुट ने तो यह तक बोल दिया है कि मुझे भारत के खिलाफ खेलने से नफरत है। शेफाली और स्मृति ने मुझे बहुत परेशान किया है और मैं पावर प्ले ओवर्स में भारतीय ओपनर्स को बॉल नहीं डालना चाहतीं। हालांकि यह ऑस्ट्रेलियाई टीम की कोई चाल भी हो सकती है। उन्होंने कहा, 'भारतीय टीम की बोलिंग तो बहुत अच्छी है। बैटिंग को लेकर यह कहना चाहूंगी कि अगर बल्लेबाज 150 प्लस का स्कोर बनाते हैं तो गेंदबाज हमें ट्रोफी जिताकर देंगे। शेफाली के अलावा स्मृति, हरमनप्रीत, जेमिमा को अच्छा स्कोर बनाना होगा और किसी एक को अंत तक टिके रहना होगा। रन बनाने का प्रेशर केवल शेफाली पर नहीं आना चाहिए।'
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2TyU83C
No comments:
Post a Comment