Friday, April 10, 2020

बंद स्टेडियम में आईपीएल खेलने को तैयार हैं कमिंस

मेलबर्न इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी ने कहा कि वह दर्शकों के बिना भी इस टी20 टूर्नमेंट में खेलने के इच्छुक हैं क्योंकि इससे कोविड-19 महामारी से परेशान दुनिया भर के लोगों में परिस्थितियां सामान्य होने की भावना पैदा होंगी। आईपीएल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 मार्च से मुंबई में शुरू होना था लेकिन विश्व भर में 95 हजार से अधिक लोगों की जान ले चुकी इस महामारी के कारण यह टी20 टूर्नमेंट 15 अप्रैल तक टाल दिया गया। कमिंस से पूछा गया कि क्या वह बिना दर्शकों के मैचों का आयोजन करने का समर्थन करेंगे, उन्होंने बीबीसी से कहा, ‘निश्चित तौर पर। मैं उस हर चीज का समर्थन करूंगा जिसमें इन बड़े टूर्नमेंट का सुरक्षित आयोजन संभव हो।’ कमिंस को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 15.5 करोड़ रुपये में खरीदा था जिससे वह लीग के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए थे। उन्हें उम्मीद है कि यह टूर्नमेंट होगा लेकिन अगर जल्द ही इसका आयोजन होता है तो उन्हें हैरानी होगी। उन्होंने कहा, ‘प्रत्येक गेंद पर चाहे छक्का पड़े या विकेट मिले जो शोर उठता है, वहां जो माहौल बनता है उसी को देखकर हमें भारत में खेलना पसंद है।’ कमिंस ने कहा, ‘अगर ऐसा नहीं होता तो इसकी कुछ कमी खलेगी, लेकिन अगर दर्शकों के बिना भी इसका आयोजन किया जाता है तो मुझे इसमें कोई संदेह नहीं कि यह शानदार टूर्नमेंट होगा।’ इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने हालांकि कहा कि पहली प्राथमिकता लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा होनी चाहिए।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2VlOYI0

No comments:

Post a Comment