नई दिल्ली क्रिकेट में 22 गज की पिच पर जब तेज गेंदबाज की यॉर्कर गेंद जब बल्लेबाज को गच्चा देकर सीधे उसके स्टंप्स को बिखेर देती हैं, तो उसे देखने वाले रोमांचित हो जाते हैं। यह बात भला टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज से बेहतर कौन समझ पाएगा। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें गोरखपुर का एक युवा खिलाड़ी फास्ट बोलिंग प्रैक्टिस के दौरान एक सटीक यॉर्कर फेंक रहा है। इस वीडियो को देखकर आरपी सिंह ने भी इस युवा खिलाड़ी की तारीफ की है और उसे लगे हाथ लखनऊ या नोएडा में कोचिंग का निमंत्रण भी दे दिया है। इस वीडियो में यह गेंदबाज जैसे ही अपनी यॉर्कर गेंद डालता है। मिडल स्टंप्स की जगह रखे नारियल के परखच्चे बिखर जाते हैं। यहां स्टंप्स की जगह दो जूते और मिडल स्टंप के स्थान पर नारियल रखा है। गेंद नारियल को जैसे ही छूती है बस नारियल अपनी जगह पर ही बिखरकर चूर-चूर हो जाता है। यह खिलाड़ी लॉकडाउन के दौरान अकेले ही अपने घर पर बोलिंग का अभ्यास कर रहा है। इस गेंदबाज ने टि्वटर पर अपनी पहचान गोरखपुर की रखी हुई है। आरपी सिंह ने भी इस गेंदबाज की टि्वटर पर जमकर सराहना की है और उसे कोचिंग निमंत्रण भी दिया है। आरपी ने लिखा, 'जबरदस्त यॉर्कर। वाकई में ग्रामीण इलाकों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हमारे देश में एक से बढ़ कर एक युवा टैलंट मौजूद हैं। रितेश अगर चाहें तो लॉकडाउन खत्म होने के बाद लखनऊ या ग्रेटर नॉएडा कैम्प में प्रशिक्षण के लिए आ सकते हैं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।' इस निमंत्रण के लिए इस गेंदबाज ने भी आरपी सिंह को धन्यवाद दिया है। इससे पहले यह वीडियो वेदांक सिंह ने अपने टि्वटर पर शेयर करते हुए बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली और पूर्व तेजगेंदबाज आरपीसिंह को टैग किया था। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए वेदांक ने लिखा, 'गजब की प्रतिभा। BCCI अध्यक्ष सौरभ गांगुली और आरपी सिंह भाई इस युवा कौशल पर ध्यान दें। गोरखपुर के रितेश यादव का जबरदस्त यॉर्कर। ये लड़का डिजर्व करता है बढ़िया ट्रेनिंग और जरूरी संसाधन। ग्रामीण क्षेत्रों में पनपता अनूठा टैलंट।'
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/35kZOmh
No comments:
Post a Comment