Sunday, May 3, 2020

नहीं भूलेंगे यह बलिदान... हंदवाड़ा के शहीदों को विराट कोहली ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान ने जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में शहीद हुए जवानों को नमन किया है। विराट ने ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीदों के बलिदान को भूला नहीं जाना चाहिए। बता दें कि आतंकवादियों से मुठभेड़ में 5 जवान शहीद हो गए। विराट ने लिखा, 'जो लोग किसी भी हालात में अपने कर्तव्य को नहीं भूलते हैं, वही सच्चे हीरो होते हैं। उनका बलिदान कभी भूला नहीं जाना चाहिए। मैं हंदवाड़ा में शहीद हुए सेना के जवानों और पुलिसकर्मी को नमन करते हुए उनके परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। शहीदों के परिवार को शांति मिले। जय हिंद।' इसके साथ ही बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी हंदवाड़ा में शहीद हुए जवानों को असली हीरो करार दिया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'असली हीरो कौन है? ऐक्टर, खिलाड़ी या फिर नेता? नहीं सिर्फ एक सैनिक ही असली हीरो है। हमेशा के लिए। उन वीर सैनिकों के माता-पिता को सलाम।' जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकी घर में छिपकर फायरिंग कर रहे थे। आतंकियों ने घर में कई लोगों को बंधक बना रखा था। सेना को जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय राइफल्स के कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज सूद, नायक राजेश और लांस नायक दिनेश घर में घुसे। उनके साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर शकील काजी भी थे। आंतकियों से चली लंबी मुठभेड़ में कर्नल समेत सभी जवान शहीद हो गए। इस दौरान 2 आतंकवादी भी मारे गए।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3aY9S5R

No comments:

Post a Comment