Tuesday, August 20, 2019

दुबई में हसन की मेहंदी रस्म, शामिया से आज शादी

नई दिल्ली भारतीय मूल की शामिया आरजू से शादी से पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज की मेहंदी रस्म सोमवार को दुबई में पूरी हुई जिसमें उनके करीबी दोस्त और टीम साथी शादाब खान भी शामिल हुए। हसन का निकाह आज यानी 20 अगस्त को दुबई में ही शामिया आरजू से होगा। बता दें कि शामिया का परिवार मूल रूप से हरियाणा के मेवात का रहने वाला है। पाक क्रिकेटर शादाब अपने दोस्त के इस कार्यक्रम में नाचते नजर आए। इसके अलावा हसन और शामिया के प्री-वेडिंग फोटो शूट से जुड़ी अन्य कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई हैं। हसन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक विडियो पोस्ट किया है जिसमें वह एक कुर्सी पर बैठे हुए हैं जबकि उनके दोस्त और रिश्तेदार उनके आसपास चक्कर काट रहे हैं। मेहंदी की रस्म से पहले हसन अली और उनके करीबी दोस्तों के अलावा कुछ रिश्तेदारों ने फोटोशूट में भी हिस्सा लिया। हसन इस दौरान हरे सूट में नजर आए जबकि अन्य रिश्तेदारों ने ऑरेंज कुर्ता पहना हुआ था। बता दें कि दुबई में बसीं शामिया अमीरात एयरलाइन्स में फ्लाइट इंजिनियर हैं जबकि उनके परिवार के सदस्य दिल्ली में रहते हैं। वे मूल रूप से हरियाणा के मेवात इलाके के रहने वाले हैं। हसन पाकिस्तान के चौथे क्रिकेटर हैं जो भारतीय बाला से परिणय सूत्र में बंधेंगे। उनसे पहले जहीर अब्बास, मोहसिन खान और शोएब मलिक भी भारतीय मूल की लड़की से शादी कर चुके हैं।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2zbDmNm

No comments:

Post a Comment