Friday, October 25, 2019

हमारे पास स्पिन बोलिंग का भंडार है: भरत अरुण

चेन्नै भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच ने कहा है कि इस टीम के पास रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के रूप में स्पिन विभाग में अच्छे विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर स्थिति को देखते हुए इनमें से किसी को भी चुना जा सकता है। भारत ने हाल ही में अपने घर में साउथ अफ्रीका को 3-0 से मात दी है। अश्विन और जडेजा ने इस सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। वेस्ट इंडीज के खिलाफ बाहर बैठने वाले अश्विन ने इस सीरीज में 15 विकेट अपने नाम किए। जडेजा ने 13 विकेट चटकाए। कुलदीप को हालांकि इस सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला। आखिरी टेस्ट में वो चोटिल हो गए और उनके स्थान पर शाहबाज नदीम को टीम में मौका मिला। अरुण ने अंग्रेजी अखबर द हिंदू को दिए इंटरव्यू में कहा, 'अश्विन विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में शामिल हैं और वह तेजी से 400 विकेट की ओर बढ़ रहे हैं। अश्विन इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में हमारे नंबर 1 स्पिनर के तौर पर गए थे। वहां हालांकि कुछ फिटनेस का मुद्दा हो गया था।' उन्होंने कहा, 'जडेजा ने मौका भुनाया और हमें गेंदबाजी आक्रमण में नियंत्रण दिया, बल्लेबाजी में भी मजबूती दी और उनकी फील्डिंग तो बेहतरीन है ही। घर से बाहर अगर हमें इन दोनों में से किसी एक को चुनना पड़े तो यह परिस्थतियों पर निर्भर करता है।' कोच ने कहा, 'इसके बाद हमारे पास कुलदीप यादव हैं, जिन्होंने सिडनी में खेले गए अपने आखिरी टेस्ट मैच में 5 विकेट अपने नाम किए थे। हमारे पास विकल्प का भंडार है।'


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/344z6N0

No comments:

Post a Comment